बालोद टाइम्स
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और ‘हेड ऑफ गवर्नमेंट’ (मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री) के रूप में सुशासन, गरीब कल्याण और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदेशव्यापी “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में रिकॉर्ड 1.5 करोड़ दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
भाजपा प्रदेश महामंत्री और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन ने इस अभूतपूर्व जनसहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ की जनता, पार्टी पदाधिकारियों, देवतुल्य कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
1.5 करोड़ दीप प्रज्ज्वलन जन-विश्वास का प्रतीक
यशवंत जैन ने कहा कि 17 सितम्बर की संध्या छत्तीसगढ़ के गांवों, कस्बों, शहरों, बूथों, देवालयों और घरों में प्रज्ज्वलित हुए दीपों ने पूरे प्रदेश को दीपोत्सव के उल्लास से भर दिया। उन्होंने कहा कि 1.5 करोड़ दीयों का प्रज्ज्वलन महज एक अनुष्ठान नहीं, बल्कि देश के प्रधानसेवक नरेंद्र मोदी के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता के अटूट विश्वास, निष्ठा और मंगलकामनाओं का जीवंत प्रतीक है।
25 वर्षों का सुशासन और गरीब कल्याण
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री पद से लेकर आज विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता के रूप में 25 वर्षों तक निरंतर ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘अंत्योदय’ के संकल्प को समर्पित कार्य किया है। गरीबों को पक्के मकान, निःशुल्क राशन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तथा माताओं-बहनों को उज्ज्वला और महतारी वंदन जैसी योजनाओं के जरिए उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में खुशहाली ला दी है।
प्रदेशभर के धार्मिक, सामाजिक व दूरस्थ अंचलों में जला ‘आशीर्वाद का दीया’
श्री जैन के अनुसार, ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के अंतर्गत सत्य साईं अस्पताल, एम्स, अमृत स्टेशन, एयरपोर्ट, प्रदेश के सभी मंदिरों, मठों, अस्पतालों, दुकानों और ग्राम पंचायतों में दीये जलाकर उत्सव मनाया गया। विशेष रूप से बस्तर संभाग के दूरस्थ आदिवासी अंचलों के गांवों में भी ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रधानमंत्री के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की।
यशवंत जैन ने अभियान को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति, युवाओं और व्यापारिक-सामाजिक संगठनों का अभिनंदन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का यही अटूट स्नेह ‘विकसित भारत’ और ‘संवरते छत्तीसगढ़’ के निर्माण में नई ऊर्जा का संचार करेगा।


