Skip to main content

Balod Times

हिट एंड रन के आरोपी बस चालक को पुलिस ने भेजा जेल, 5 किमी तक बोनट में फंसे युवक को घसीटा था

बालोद टाइम्स 

​बालोद / पुरूर: थाना पुरूर पुलिस ने एनएच-30 मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे के आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी चालक पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर युवक की जान लेने और दुर्घटना के बाद भी गाड़ी न रोककर शव को कई किलोमीटर तक घसीटने का गंभीर आरोप है।

​क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 सितंबर 2026 को सरार पारा चारामा (जिला कांकेर) निवासी कैलाश सिन्हा ने थाना पुरूर में मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया था। कैलाश के बड़े भाई जीवन सिन्हा अपने साथी तुलेश कौशल की मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 19 BK 3431) से सुबह करीब 11:00 बजे धमतरी की ओर निकले थे।

​सुबह लगभग 11:45 बजे, एनएच-30 मेन रोड पर न्यारा पेट्रोल पंप (बालोदगहन) के पास सामने से आ रही मनीष ट्रेवल्स की बस (क्रमांक CG 27 K 2469) के चालक ने तेजी व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

​5-6 किलोमीटर तक घसीटा शव

टक्कर के बाद मृतक जीवन सिन्हा बस के सामने बोनट में फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह जानते हुए भी कि युवक बोनट में फंसा है और उसकी जान जा सकती है, चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय बस की रफ्तार बढ़ा दी और चारामा की तरफ भागने लगा।

​बस चालक युवक को लगभग 5 से 6 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। मृतक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में जगतरा टोल प्लाजा के पास मेन रोड पर मिला, जहां अत्यधिक गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

​पुलिस कार्रवाई और धारा में बढ़ोतरी

घटना के बाद थाना पुरूर में बस चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 102/2026 धारा 281, 106(1) बीएनएस दर्ज कर विवेचना में लिया गया। गवाहों के बयानों और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण में धारा 105 बीएनएस (गैर-इरादतन हत्या) जोड़ी।

​मामले के आरोपी बस चालक हेमन लाल साहू (पिता बलीराम साहू, उम्र 33 साल, निवासी ग्राम रावा भर्रीपारा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी) को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी को दिनांक 18 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

​एक अन्य एक्सीडेंट मामले का वारंटी भी भेजा गया जेल

इसी क्रम में थाना पुरूर पुलिस ने एक्सीडेंट के एक अन्य मामले में लंबे समय से फरार चल रहे गिरफ्तारी वारंटी तुमेश्वर ध्रुव (पिता स्व. गणेश राम ध्रुव, उम्र 32 साल, निवासी ग्राम शंकरदाह, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी) को भी गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!