Balod Times

दिव्यांग विद्या मंदिर उमरादाह में मनाया गया 23 वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का जन्म कल्याणक उत्सव

बालोद। सुलतानमल सजनाबाई चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित पार्श्वनाथ दिव्यांग विद्या मंदिर उमरादाह में सोमवार को 23 वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ के जन्म कल्याणक के अवसर पर स्कूल में स्थापित भगवान की विशाल प्रतिमा की विधिवत पूजा की गई । तद्पश्चात मूक बधिर बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। इस आयोजन में गुंडरदेही के नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती के चित्र पर पूजा अर्चना कर प्रारंभ की गई। इन मूक बधिर बच्चों ने जो सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, उसकी जमकर तारीफ की गई।लोग आश्चर्यचकित थे कि ये मूकबधिर बच्चे म्यूजिक की धुन पर इतना अच्छा नृत्य कैसे कर पा रहे हैं। इन बच्चों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर बच्चों के पालक सहित बहुसंख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि बाफना परिवार जो कि इस स्कूल को संचालित कर रहे हैं, को मैं बहुत बधाई देता हूं और उनके इस पुण्य कार्य को नमन करता हूं। बहुत कम लोग इस तरह की पुण्य कार्य में आगे आते हैं। मैं यहां आकर आत्मविभोर हूं। बच्चों ने बहुत अच्छी प्रस्तुति दी निश्चित ही उनके शिक्षकों ने इसके लिए बहुत मेहनत की होगी। उन्होंने अपनी ओर से स्कूल ट्रस्ट को ₹21000 देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शासन के इस विभाग के मंत्री भी आकर देखें कि यहां बच्चों के लिए कितनी अच्छी व्यवस्था संचालित की गई है। ट्रस्टी मूलचंद बाफना ने बताया कि भगवान पारसनाथ के आशीष और संत महेंद्र सागर जी एवं मनीष सागर जी महाराज साहब की प्रेरणा से यह स्कूल संचालित हुई है। यहां अभी 28 बच्चे एवम तीन टीचर का स्टाफ है। यहां पढ़ाने वाले शिक्षक भी मूकबधिर हैं। जो बच्चों को बहुत अच्छे से पढ़ा रहे हैं। यहां बच्चों के रहने, पढ़ने, भोजन आदि सारी व्यवस्था निशुल्क रखी गई है। इस अवसर पर डॉक्टर प्रदीप जैन ने कहा कि समाज के लिए बाफना परिवार का जन सेवा का कार्य एक प्रेरणा है। वे जन सेवा के कार्यों के माध्यम से अपने धन का सार्थक उपयोग करते हैं। क्षेत्र के मूकबधिर बच्चों के लिए यह स्कूल एक संबल है। यहां पढ़ने वाले बच्चे सामान्य बच्चों से किसी मायने में कम नहीं है। इस अवसर पर स्कूल की व्यवस्था से प्रभावित होकर कई लोगो ने सहयोग राशि प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन स्कूल का देखरेख करने वाले अरुण बाफना ने किया। आभार प्रदर्शन स्कूल की संचालिका सुनीता रामपुरिया ने किया। भगवान पार्श्वनाथ की पूजा श्रीमती त्रिशला चौरड़िया एवम संभवनाथ महिला मंडल द्वारा सम्पन्न कराया गया। श्रेयांस भंसाली ने भक्ति गीत की प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम में गौतम बाफना,प्रकाश बाफना ,रूपचंद गोलछा,प्रकाश भंसाली, सुभाष बाफना,,आशीष बाफना, संजय ढेलडिय़ा, इंदरचंद ढ़ेलडिया,सुनील रतनबोहरा,किशोर बाफना,दिलीप बाफना,रमन पारख, चीकू चौरड़िया, अभय ललवानी आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!