Skip to main content

Balod Times

बालोद में आर-पार की लड़ाई: अधूरी और घटिया सड़क पर टोल वसूली पर भड़की कांग्रेस, दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम, देखे वीडियो

बालोद टाइम्स

बालोद जिले के जमही टोल प्लाजा पर अधूरी और घटिया सड़क के बावजूद जारी टोल वसूली को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों और युवा कांग्रेस नेताओं ने टोल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए साफ़ कहा है कि “हमारी दिवाली चाहे जेल में कटे, लेकिन यह आंदोलन दिवाली से पहले जिले के लोगों के हक और अधिकारों के लिए जारी रहेगा।”

​अधूरी और घटिया सड़क पर वसूली सरासर गलत: प्रशांत बोकड़े

​युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रत्याशी प्रशांत बाला बोकड़े और वरिष्ठ कांग्रेस नेता व ब्लॉक अध्यक्ष रतिराम कोसमा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जमही टोल प्लाजा पहुँचकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

​नेताओं ने आरोप लगाया कि झलमला से शेरपार के बीच नेशनल हाईवे की सड़क आज तक अधूरी है। ठेकेदार द्वारा काम पूरा न किए जाने के कारण सड़क पर जगह-जगह खतरनाक गड्ढे हैं। यही नहीं, डामरीकरण की जगह पैचवर्क में सीमेंटीकरण किया जा रहा है।

​घटिया निर्माण और जांच भी अधूरी

​कांग्रेस नेताओं ने टोल अधिकारियों के समक्ष निर्माण कार्य की पोल खोलते हुए कहा कि सड़क बनाते समय ठेकेदार द्वारा नियम अनुसार CTSB (सीमेंट ट्रीटेड सब-बेस) करने के बजाय सीधे मुरुम और मिट्टी से फिलिंग की गई, जिससे सड़क धंस गई। इस भ्रष्टाचार की जांच के लिए कमेटी भी बनी थी, लेकिन वह जांच भी अधूरी रह गई। ऐसी जर्जर और जानलेवा सड़क पर स्थानीय लोगों से टोल वसूलना पूरी तरह से अवैध और तानाशाही है।

​72 घंटे की चेतावनी, होगा बड़ा इंकलाब

​कांग्रेस नेताओं ने टोल प्लाजा अधिकारियों को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उनकी मांग है कि जब तक सड़क पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती और बालोद जिले के स्थानीय लोगों को टोल से पूर्णतः मुक्ति नहीं दी जाती, तब तक टोल वसूली तुरंत बंद की जाए।

​नेताओं ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 72 घंटे के भीतर स्थानीय निवासियों को राहत नहीं दी गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और टोल प्लाजा के सामने एक बड़ा जन-आंदोलन (इंकलाब) शुरू करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!