Balod Times

बालोद में पहली बार “स्व AWAKE” मेगा योग-जुंबा महोत्सव: 1000 लोग करेंगे एक साथ योगाभ्यास

18 से 20 फरवरी तक महादेव भवन में सुबह 6 से 7:30 बजे तक होगा आयोजन, विश्व रिकॉर्डधारी योग प्रशिक्षक धीरज शर्मा करेंगे मार्गदर्शन

बालोद। शहर में पहली बार योग और फिटनेस को नई पहचान देने जा रहा तीन दिवसीय मेगा कार्यक्रम “स्व AWAKE” 18 फरवरी से 20 फरवरी तक महादेव भवन प्रांगण में आयोजित होगा। टीम गुरु ग्रेस योगा एंड वैलनेस द्वारा जिला प्रशासन के विशेष सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से 7:30 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एक ही स्थान पर 1000 प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक जुंबा वर्कआउट, सूर्य नमस्कार, योग और प्राणायाम रहेगा। आयोजन में प्रवेश के लिए एक हजार एंट्री पास वितरित किए गए हैं, जिन्हें दिखाकर प्रतिभागी कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।

योग क्षेत्र में वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित कर बालोद सहित छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर चुके योग आइकॉन श्री धीरज शर्मा इस कार्यक्रम के मुख्य योग प्रशिक्षक एवं मार्गदर्शक होंगे। वे कई वर्षों से शहर में योग और जुंबा की कक्षाएं संचालित कर रहे हैं।

इस तीन दिवसीय आयोजन का उद्देश्य युवाओं को योग और भारतीय संस्कारों से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है, जो “स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी भाग लेंगे।

प्रतिभागियों के लिए प्रतिदिन पौष्टिक अंकुरित आहार, स्वास्थ्यवर्धक काढ़ा, फल तथा लकी ड्रॉ के माध्यम से प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा होंगी, जबकि अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएफओ श्री अभिषेक अग्रवाल, तथा विशिष्ट अतिथियों में सीईओ जिला पंचायत श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम श्रीमती नूतन कंवर एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती माधुलिका तिवारी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में प्रायोजक के रूप में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी बालोद, पंजाब नेशनल बैंक, एसआर लैब तथा बालोद टाइम्स का विशेष सहयोग रहेगा। आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा गुरु ग्रेस योग एवं वेलनेस टीम द्वारा तैयार की गई है, जो प्रतिदिन स्टूडियो में योगाभ्यास करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!