Balod Times

वार्ड की समस्या को लेकर भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमला, दल्लीराजहरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई में 3 आरोपी गिरफ्तार

बालोद। दल्लीराजहरा नगर के वार्ड क्रमांक 7 टीचर कॉलोनी में भाजपा पार्षद वीरेन्द्र साहू पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को दल्लीराजहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्टील का चुड़ा भी जब्त कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 की रात पार्षद वीरेन्द्र साहू अपने मित्र हेमंत नेताम के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 9 बजे जब वे वार्ड क्रमांक 7 टीचर कॉलोनी स्थित ग्राउंड के पास पहुंचे, तभी वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दीपक यादव, अजीत सिंह और कैलाश साहू ने वार्ड की समस्याओं का निराकरण नहीं करने की बात कहते हुए पार्षद के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने लगे।

आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और पहने हुए स्टील के चुड़े से हमला किया, जिससे पार्षद के नाक, आंख, गाल सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान गमछे से गला दबाने की भी कोशिश की गई। घटना के बाद हेमंत नेताम की रिपोर्ट पर थाना दल्लीराजहरा में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान गवाहों और घायल पार्षद से पूछताछ में आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) भी जोड़ दी।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के आदेश, पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के निर्देशन में और नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। आरोपियों की तलाश के दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता ली गई और उन्हें दुर्ग तथा धमतरी क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने घटना को स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना दल्लीराजहरा पुलिस और साइबर सेल बालोद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी:

1. दीपक यादव पिता बिसौहा राम, उम्र 33 वर्ष

2. अजीत सिंह पिता राम उदगार सिंह, उम्र 34 वर्ष

3. कैलाश साहू पिता स्व. सोहन लाल, उम्र 38 वर्ष
तीनों निवासी वार्ड क्रमांक 07 टीचर कॉलोनी, दल्लीराजहरा, जिला बालोद (छत्तीसगढ़)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!