बालोद। शहर के पांची सिनेमा हॉल में रविवार 15 मार्च को शहर के कुछ जागरूक युवाओं द्वारा फिल्म “केरला स्टोरी 2” का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं और महिलाओं के लिए फिल्म के तीन शो निःशुल्क रखे गए, जिसमें लगभग 1200 छात्राओं व महिलाओं ने भाग लेकर फिल्म देखी।
आयोजकों के अनुसार इस विशेष शो का उद्देश्य समाज में महिलाओं और युवतियों के बीच जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में शहर के कई युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई, जिनमें धीरज शर्मा, दिनेश तापड़िया, विवेक पाटीदार, विनय नामदेव, धर्मेंद्र आहूजा, दिनेश साहू, डॉ. अजय साहू और मयंक बाफना प्रमुख रूप से शामिल रहे। इनके साथ ही शहर के योग क्षेत्र से जुड़े योग साधकों, व्यापारी बंधुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य देश की मातृशक्ति को जागरूक करना और उन्हें सामाजिक विषयों के प्रति सजग बनाना था। तीनों शो में महिलाओं और छात्राओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखी गई, जिससे आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा।
इस कार्यक्रम में शासकीय कॉलेज बालोद, सृजन आईटीआई, श्योर सक्सेस आईटीआई, गुरुकुल स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भी छात्राएं फिल्म देखने पहुंचीं। इनमें गुरूर आईटीआई, कन्नेवाडा, अर्जुंदा, डौंडी लोहारा और बड़गांव से भी सैकड़ों छात्राओं की भागीदारी रही।
फिल्म प्रदर्शन के बाद उपस्थित महिलाओं और छात्राओं ने सामाजिक मुद्दों पर चर्चा भी की। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सामाजिक विषयों के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

