Balod Times

वार्ड 12 के पार्षद सुमित शर्मा की पहल पर हॉरिजॉन्टल स्कूल में चला फाइलेरिया उन्मूलन अभियान

बालोद। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत शहर के हॉरिजॉन्टल (होरी जोन) स्कूल, बालोद में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया गया तथा बीमारी के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य बच्चों एवं आम नागरिकों को फाइलेरिया जैसी गंभीर लेकिन बचाव योग्य बीमारी से सुरक्षित रखना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड क्रमांक 12 के युवा पार्षद सुमित शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, लेकिन नियमित दवा सेवन और स्वच्छता अपनाकर इससे बचा जा सकता है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं दवा लें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक भागीदारी से ही फाइलेरिया मुक्त समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में स्कूल की प्राचार्य रेखा देशमुख के नेतृत्व में शिक्षकगण एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। छबी सर्वा एवं नीलेश्वरी साहू ने बच्चों को फाइलेरिया के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्वेता साहू ने भी नियमित दवा सेवन के महत्व पर प्रकाश डाला।

स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार सभी विद्यार्थियों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

अंत में प्राचार्य रेखा देशमुख ने कहा कि ऐसे अभियान बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं और समाज को भी दीर्घकालिक लाभ पहुंचाते हैं। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!