Skip to main content

Balod Times

सरदार पटेल मैदान के वजूद को बचाने मैदान में उतरे भाजपा पार्षद और एल्डरमेन, संयुक्त कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बालोद टाइम्स 

​बालोद। नगर के हृदय स्थल और ऐतिहासिक पहचान माने जाने वाले सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान के मूल स्वरूप को बचाने के लिए भाजपा पार्षद दल और एल्डरमेनों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधु हर्ष से मुलाकात कर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा आक्रोश जताया और एक ज्ञापन सौंपा।

​ऐतिहासिक धरोहर पर संकट, आयोजनों पर लगेगा ग्रहण

सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा पार्षदों ने कहा कि सरदार पटेल मैदान बालोद नगर की शान और ऐतिहासिक धरोहर है। इस मैदान में दशकों से दशहरा, रामलीला, बड़े राजनीतिक सम्मेलन, खेलकूद प्रतियोगिताएं और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक आयोजन होते आ रहे हैं। यदि मैदान के मध्य में क्रिकेट बॉक्स का निर्माण कर दिया गया, तो भविष्य में किसी भी बड़े आयोजन के लिए नगर के पास कोई बड़ा विकल्प नहीं बचेगा।

​सामान्य सभा के निर्णय को दरकिनार करने का आरोप

प्रतिनिधिमंडल ने पालिका प्रशासन और अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि सामान्य सभा की बैठक में क्रिकेट बॉक्स निर्माण के लिए एक अलग स्थान तय किया गया था। लेकिन अब जिम्मेदार अधिकारी स्वीकृत जगह को बदलकर मनमाने तरीके से मैदान के बीचो-बीच निर्माण करा रहे हैं। इससे मैदान का पूरा स्वरूप नष्ट हो जाएगा।

​’खेल के विरोधी नहीं, गलत स्थान चयन का विरोध’

भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे नगर में खेल सुविधाओं के विस्तार या विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं। उनकी मांग केवल इतनी है कि क्रिकेट बॉक्स का निर्माण परिषद की बैठक में पूर्व निर्धारित स्थल पर ही कराया जाए, ताकि ऐतिहासिक मैदान का अस्तित्व सुरक्षित रहे।

​ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे मौजूद

इस दौरान भाजपा पार्षद व सभापति प्रीतम यादव, पार्षद श्रीमती गोमती रात्रे, गोकुल ठाकुर, श्रीमती श्यामा कुलेश यादव, श्रीमती सुनीता मनहर, दीपक लोढ़ा, श्रीमती आशा पटेल, एल्डरमैन नितेश वर्मा, संतोष कौशिक, रविप्रकाश पाण्डेय, पूर्व एल्डरमैन विनोद जैन, आशुतोष कौशिक, अभिन्न यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय खेल प्रेमी और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!