Skip to main content

Balod Times

14 चक्का ट्रक चुराने वाला 21 वर्षीय आरोपी सिलतरा से गिरफ्तार, राजहरा पुलिस ने वाहन किया बरामद

बालोद टाइम्स 

दल्लीराजहरा (बालोद)। दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 27 स्थित पुराने गुरुद्वारा के पास से चोरी हुए 14 चक्का ट्रक (CG 07 CS 8090) को राजहरा पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपी को रायपुर के सिलतरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ बालोद और कांकेर जिले के विभिन्न थानों में पहले से चोरी एवं नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं।

रात में घर के बाहर खड़ा ट्रक सुबह हुआ गायब

​पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 20 अगस्त की रात चालक योगेश सांगे ने ट्रक को पुराने गुरुद्वारा के सामने खड़ा किया था और अपने घर चला गया था। 21 अगस्त की तड़के करीब 2:30 बजे अज्ञात चोर वाहन लेकर फरार हो गया। प्रार्थी अक्षय कुमार मंडले की शिकायत पर थाना दल्लीराजहरा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से खुला मामला

​पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।

  • ​पुलिस ने सबसे पहले ग्राम तुमड़ीबोड़ (राजनांदगांव) के पास से ट्रक को लावारिस हालत में बरामद किया।
  • ​घटनास्थल और मार्ग में लगे सीसीटीवी फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
  • ​पूछताछ में पता चला कि 20 अगस्त को संदेही व्यक्ति चालक के साथ ट्रक में बैठकर कच्चे से मेटाबोदली-अंतागढ़ गया था और माल खाली करने के बाद रात करीब 10:30 बजे राजहरा लौटा था।

​फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर संदेही की पहचान हरिवंश सेवता (21 वर्ष), निवासी तहकाल, थाना अंतागढ़ (जिला कांकेर) के रूप में हुई।

सिलतरा से पकड़ाया आरोपी, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

​घटना के बाद फरार हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने उसे रायपुर के सिलतरा से हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है:

  • थाना सनौद (बालोद): अपराध क्रमांक 80/25, धारा 303(2) बीएनएस
  • थाना चारामा (कांकेर): अपराध क्रमांक 125/25, धारा 305(बी) बीएनएस

पुलिस की नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

​राजहरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा या नशीली दवाओं के कारोबार की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!