बालोद |
पुलिस अधीक्षक बालोद के मार्गदर्शन में बालोद पुलिस ने ग्राम झलमला में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नकद 4,000 रुपये, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लोहे की हथौड़ी बरामद की गई है। जप्त मशरूका की कुल कीमत 8,52,450 रुपये आँकी गई है। इस कार्रवाई में साइबर सेल बालोद और थाना बालोद टीम की विशेष भूमिका रही।

मामला क्रमांक–01: ताला तोड़कर जेवरात चोरी
प्रार्थी राकेश कुमार ठाकुर (42), निवासी शांतिनगर घोटिया चौक, झलमला, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे और उनकी पत्नी शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। 19 जनवरी को बच्चों के स्कूल जाने के बाद दंपती घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर गए थे। शाम को लौटने पर घर का ताला टूटा, कमरों में अलमारी व दीवान पलंग खुला और सामान बिखरा मिला। जांच में 7,91,000 रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने की पुष्टि हुई। इस पर अपराध क्रमांक 30/2025, धारा 331(3), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामला क्रमांक–02: नकदी 4,000 रुपये चोरी
दूसरे प्रकरण में प्रार्थिया नम्रता देवी (55), निवासी शांतिनगर घोटिया चौक, झलमला, ने 19 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात चोर ने मकान की दीवार फांदकर चैनल गेट व दरवाजे का ताला तोड़ा और कमरे की दराज से 4,000 रुपये नकद चोरी कर लिए। इस पर अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 331(3), 305 बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई।
जांच और खुलासा
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सतत पूछताछ के आधार पर लक्ष्मण सिंह ठाकुर को अभिरक्षा में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 19 जनवरी को मोटरसाइकिल (CG 07 LW 3989) और लोहे की हथौड़ी के साथ झलमला पहुंचकर पहले एक मकान से 4,000 रुपये नकद और फिर पास के दूसरे मकान से सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए। बरामदगी आरोपी के डौण्डी लोहारा स्थित किराये के मकान से की गई।
बरामद सामग्री
- सोने-चांदी के जेवरात
- नकद 4,000 रुपये
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 07 LW 3989)
- लोहे की हथौड़ी
- कुल कीमत: ₹8,52,450
कानूनी कार्रवाई
- आरोपी को गिरफ्तार कर 21.01.2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
आरोपी का विवरण
नाम: लक्ष्मण सिंह ठाकुर
पिता: गंगूराम ठाकुर | उम्र: 30 वर्ष
स्थायी पता: खैरतराई बीचपारा, थाना व जिला बालोद
वर्तमान पता: वार्ड नं. 11, डौण्डी लोहारा, जिला बालोद
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड:
- अपराध क्रमांक 136/2010 – धारा 457 भादवि
- अपराध क्रमांक 530/2023 – धारा 454, 380 भादवि
टीम का सराहनीय योगदान
इस सफल कार्रवाई में थाना बालोद, साइबर सेल बालोद की संयुक्त टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

