Balod Times

अवैध कब्जा हटाने में जिला प्रशासन सख्त, तय समय-सीमा में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के निर्देश

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर एसआईआर एवं लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की

बालोद। जिले में अवैध कब्जों के विरुद्ध अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कड़ी कार्रवाई की जाए।

बैठक में कलेक्टर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) एवं विभिन्न राजस्व प्रकरणों के निराकरण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, खाता विभाजन जैसे राजस्व मामलों के साथ-साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की भी गहन समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि अवैध कब्जा न केवल शासन की भूमि को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि आम नागरिकों के अधिकारों का भी हनन करता है, ऐसे मामलों में सख्ती आवश्यक है।

इस दौरान कलेक्टर ने तहसीलदार मार्री-बंगला-देवरी से पसौद से दुर्ग मार्ग पर किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को शीघ्र हटाकर यातायात को सुगम बनाया जाए।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि अविवादित राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता से किया जाए, जिससे आम जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!