Balod Times

बालोद को खेल अधोसंरचना की बड़ी सौगात: 13 करोड़ की परियोजनाएं स्वीकृत

सबहेड: भाजपा नेता राकेश यादव और सौरभ लूनिया के प्रयास सफल; बजट सत्र में मिली मंजूरी

बालोद
बालोद जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर लंबे समय से चल रहे प्रयासों को आखिरकार सफलता मिल गई है। विधानसभा के हालिया बजट सत्र में जिले के लिए कुल 1300 लाख रुपये (13 करोड़ रुपये) की खेल अधोसंरचना परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे जिले में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार—

• द­ल्लीराजहरा में इंडोर मल्टीपरपज हॉल निर्माण हेतु 500 लाख रुपये की अनुमानित लागत स्वीकृत की गई है, जिसमें वर्ष 2026-27 के लिए 200 लाख रुपये की राशि प्रावधानित है।

• जिला स्तरीय बहुउद्देश्यीय स्टेडियम निर्माण हेतु 800 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें वर्ष 2026-27 के लिए 200 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

इन दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने पर जिले में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा।

जिले के भाजपा नेता राकेश यादव तथा छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लूनिया पिछले कई महीनों से बालोद में खेल स्टेडियम और इंडोर हॉल की मांग को लेकर सक्रिय थे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, खेल मंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी से पत्राचार एवं मुलाकात कर जिले की खेल आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा था।

लगातार प्रयासों के बाद बजट सत्र में इन परियोजनाओं को स्वीकृति मिलना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ

नई खेल अधोसंरचना तैयार होने से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को जिला स्तर पर ही आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे खिलाड़ियों को बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता का बेहतर माहौल तैयार होगा।

स्वीकृति मिलने पर सौरभ लूनिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, खेल मंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और बालोद को मिली यह सौगात आने वाले वर्षों में ऐतिहासिक साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!