रामजानकी मंदिर के पास हुई घटना, घंटों बंद रहा भानुप्रतापपुर–बालोद–राजनांदगांव मार्ग, सीसीटीवी में ट्रक रॉन्ग साइड से आता दिखा
Balod-
बालोद। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे भानुप्रतापपुर–बालोद–राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर घंटों यातायात प्रभावित रहा।
मिली जानकारी के अनुसार घटना डौंडी थाना क्षेत्र के रामजानकी मंदिर के पास की है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक दल्लीराजहरा की ओर से आ रहा था, वहीं मोपेड चालक मथाई चौक की तरफ से डौंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक ने मोपेड को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान सामसाय मसियारे (55 वर्ष) निवासी ग्राम परसोदा के रूप में हुई है। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
सूचना मिलने पर डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एसडीएम और तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे। करीब एक घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहने से मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई।
वहीं घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रक चालक को रॉन्ग साइड से आते हुए मोपेड को टक्कर मारते हुए देखा जा सकता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

