बालोद। विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट एक दूरदर्शी एवं जनकेंद्रीय दस्तावेज है, जो नए, विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के शहर अध्यक्ष राहुल सोनी ने बजट का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश की आकांक्षाओं को वास्तविक उपलब्धियों में बदलने वाला संकल्प-पत्र बताया।
उन्होंने कहा कि यह बजट समावेशी विकास, क्षेत्रीय संतुलन, आधुनिक आधारभूत ढांचे, मानव संसाधन सुदृढ़ीकरण तथा अंतिम छोर तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में तैयार किया गया है। यह दस्तावेज नरेंद्र मोदी की ‘गारंटी’ को धरातल पर उतारते हुए वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सशक्त रोडमैप प्रस्तुत करता है।
कृषि और किसान उत्थान पर विशेष जोर
राहुल सोनी ने कहा कि कृषक उन्नति योजना, सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार और कृषि अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए किए गए प्रावधान सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हैं। बिना किसी नए कर के राजस्व वृद्धि का संकल्प तथा किसानों को समय पर इनपुट सब्सिडी उपलब्ध कराने का निर्णय स्वागतयोग्य है।
युवा सशक्तिकरण पर बड़ा फोकस
उन्होंने कहा कि कौशल विकास, स्वरोजगार, स्टार्टअप प्रोत्साहन एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के उन्नयन को विशेष प्राथमिकता देना युवाओं के लिए उत्साहजनक है। ‘अटल निर्माण वर्ष’ के तहत आधारभूत संरचनाओं में बड़े निवेश से रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे और राज्य की उत्पादकता में वृद्धि होगी।
महिला सशक्तिकरण को नई गति
‘महतारी वंदन योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ‘लखपति दीदी योजना’ को मिली नई गति से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता झलकती है।
वनांचल, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए ऐतिहासिक प्रावधान
बस्तर एवं सरगुजा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के लिए विशेष प्रावधान दूरस्थ अंचलों में विकास की नई किरण लेकर आएंगे। इस अवसर पर राहुल सोनी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
विकसित छत्तीसगढ़ की ओर मजबूत कदम
सड़क, बिजली, जल संसाधन, ग्रामीण विकास एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए किए गए बड़े आवंटन से यह सुनिश्चित होगा कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। राहुल सोनी ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि हर छत्तीसगढ़िया के सम्मान, अवसर, सुरक्षा और समृद्धि का संकल्प है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश के भविष्य को नए आत्मविश्वास, नई ऊर्जा और असीम संभावनाओं से भर देने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज साबित होगा।

