Balod Times

तरौद ग्राम पंचायत में सीएससी व पीजी केंद्र का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेंगी डिजिटल सुविधाएं

बालोद। ग्राम पंचायत तरौद में डिजिटल सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सीएससी केंद्र एवं पीजी केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष तोमन साहू जी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य माहेश्वरी ठाकुर जी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच धर्मेंद्र कुमार रामटेके ने की।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों में टिकेश्वरी पटेल, मान बाई ठाकुर, जानकी यादव, तुलेश्वरी साहू, सुरेंद्र यादव, देवलाल ठाकुर, सोहन ठाकुर, जितेंद्र देवांगन सहित सभी पंचगण उपस्थित रहे। साथ ही सचिव सीमा सेन, ग्राम पटेल मिलेन्द्र कुमार निषाद एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि तोमन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि सीएससी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण की मजबूत कड़ी बनते जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंकिंग सेवाएं, शासकीय योजनाओं से संबंधित कार्य एवं अन्य ऑनलाइन सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

जनपद सदस्य माहेश्वरी ठाकुर ने कहा कि यह केंद्र गांव के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा। डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता से शासन की योजनाओं में ग्रामीणों की भागीदारी और अधिक सशक्त होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सरपंच धर्मेंद्र कुमार रामटेके ने ग्राम पंचायत की ओर से सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया और कहा कि पंचायत का प्रयास है कि गांव में आधुनिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जन सुविधाएं निरंतर उपलब्ध कराई जाएं।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान कर ग्राम विकास के संकल्प के साथ समारोह का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!