Balod Times

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम: 13 फरवरी से शुरू होगा सियादेवी इको एडवेंचर फेस्ट, तीन दिन रोमांच और संस्कृति का संगम

बालोद। बालोद जिले में पर्यटन को नई पहचान देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से 13 फरवरी से सियादेवी इको एडवेंचर फेस्ट का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा गुरूर विकासखण्ड के ग्राम नारागांव स्थित सियादेवी जलाशय के मनोरम पर्यटन स्थल पर 13 से 15 फरवरी तक इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन का आयोजन किया जाएगा।

इस इको एडवेंचर फेस्ट में रोमांच, संस्कृति और स्थानीय परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान बैंबू राफ्टिंग, फ्लोटिंग बलून, हॉट एयर बलून, बोटिंग सहित विभिन्न एडवेंचर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति, स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल, बच्चों के लिए मनोरंजन गतिविधियां तथा युवाओं के लिए विशेष एडवेंचर जोन आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

जिला प्रशासन बालोद द्वारा आयोजित यह इको एडवेंचर फेस्ट स्थानीय महिलाओं को सशक्त बनाने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। प्रशासन का मानना है कि इस आयोजन से जिले के पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्राप्त होगी।

तीन दिवसीय इस महोत्सव को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!