Balod Times

बालोद जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराया गया

बम स्क्वायड और पुलिस टीम जांच में जुटी, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल

बालोद। बालोद जिला न्यायालय को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग तुरंत सक्रिय हो गया तथा सुरक्षा के मद्देनजर पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला न्यायालय को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बम धमाके की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने एहतियातन कोर्ट परिसर में मौजूद न्यायाधीशों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को बाहर निकालकर पूरे क्षेत्र को खाली करा दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे न्यायालय परिसर की सघन जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को भी सुरक्षा घेरा बनाकर सील कर दिया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

अचानक मिली इस सूचना के कारण कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित स्थान की बारीकी से जांच कर रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। धमकी किस माध्यम से दी गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल सुरक्षा के दृष्टिकोण से न्यायालय परिसर में सतर्कता बढ़ा दी गई है और पुलिस की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!