बालोद। पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मालीघोरी से 900 कट्टा धान से भरी ट्रक चोरी कर दमकसा में छोड़कर 280 कट्टा शासकीय धान चोरी करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से 179 कट्टा धान, घटना में प्रयुक्त ट्रक और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 16 जनवरी 2026 को 900 कट्टा धान से भरा ट्रक क्रमांक सीजी 08 एवी 1711 ग्राम मालीघोरी से अज्ञात व्यक्ति द्वारा ले जाकर दमकसा बड़भूम में छोड़ दिया गया था। ट्रक से 280 कट्टा धान चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 28/2026 धारा 316(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के निर्देशन एवं एसडीओपी बालोद श्री बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में सायबर सेल व थाना बालोद की संयुक्त विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेहियों की पहचान कर कार्रवाई की।
पूछताछ में मुख्य आरोपी नेतराम देवांगन ने बताया कि उसके पास स्वयं के दो ट्रक हैं और किस्त नहीं पटने से फाइनेंस कंपनी का दबाव बढ़ रहा था। किस्त चुकाने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर धान चोरी की योजना बनाई। तीन दिनों तक मालीघोरी धर्मकांटा के पास धान से भरे ट्रक पर नजर रखने के बाद घटना को अंजाम दिया गया।
घटना के दिन चारों आरोपी मालीघोरी पहुंचे और ट्रक में चाबी लगी होने का फायदा उठाकर ट्रक लेकर झलमला, रानीमाई होते हुए दमकसा पहुंचे। इसके बाद 900 कट्टा धान में से 280 कट्टा धान अपने खाली ट्रक में लोड कर ग्राम कंगलूटोला स्थित ससुराल ले गए। शासकीय बारदाना में धान होने के कारण आरोपियों ने धान को स्थानीय बोरों में भरकर रख दिया और शासकीय बारदाना रास्ते में फेंक दिया। साथ ही ट्रक में लगे जीपीएस को भी तोड़कर फेंक दिया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के धान में से 179 कट्टा धान बरामद किया। घटना में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक सीजी 08 एक्यू 7884 और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
1. नेतराम देवांगन पिता देवलाल देवांगन, उम्र 37 वर्ष, ग्राम कोरगुडा बालोद
2. काशीराम देवांगन पिता शंकरलाल देवांगन, उम्र 32 वर्ष, ग्राम कोरगुडा बालोद
3. तरुण उर्वसा उर्फ लल्ला पिता यशवंत, उम्र 25 वर्ष, ग्राम कोरगुडा बालोद
4. धर्मेंद्र धनकर पिता रूमलाल, उम्र 27 वर्ष, ग्राम कोरगुडा बालोद
जब्त सामग्री:
आरोपियों के कब्जे से चोरी गया धान, घटना में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक सीजी 08 एक्यू 7884 एवं मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
इस पूरे प्रकरण में आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और सामान बरामदगी में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक धरम भूआर्य, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, आरक्षक भोप सिंह साहू, विपिन गुप्ता, आकाश दूबे, पूरन देवांगन, गुलझारी साहू एवं मोहन कोकिला की विशेष भूमिका रही।

