Skip to main content

Balod Times

भारी बारिश से बरही में शिक्षा व्यवस्था ठप: जर्जर स्कूल भवन बना खतरा, अधूरे पुल से ठप हुआ रास्ता

बालोद टाइम्स

बालोद। बालोद विकासखंड के बरही क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने स्कूली बच्चों की पढ़ाई और आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जर्जर हो चुके स्कूल भवन और बरही-बरहीपारा मार्ग पर निर्माणाधीन अधूरे पुल के कारण छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

​सुरक्षा को लेकर दो पालियों में चलेंगी कक्षाएं

​शासकीय प्राइमरी व अपर प्राइमरी स्कूल बरही का भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुँच चुका है। बारिश के कारण छत और दीवारों से पानी लगातार टपक रहा है, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी हुई है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शाला प्रबंधन समिति ने स्कूल को दो पालियों (Shift) में चलाने का फैसला लिया है:

  • पहली पाली (कक्षा 1ली से 5वीं): सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक
  • दूसरी पाली (कक्षा 6ठीं से 8वीं): दोपहर 12:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक

अधूरा पुल बना आफत, बरहीपारा का संपर्क टूटा

​समस्या सिर्फ स्कूल तक सीमित नहीं है। बरही से बरहीपारा जाने वाले मार्ग पर निर्माणाधीन पुल का काम अब तक अधूरा है। भारी बारिश के चलते यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। नतीजा यह है कि बरहीपारा के बच्चे स्कूल नहीं पहुँच पा रहे हैं और शिक्षकों का आवागमन भी ठप हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब बारिश खत्म होने से पहले पुल का निर्माण पूरा होना नामुमकिन सा लग रहा है।

​ग्रामीणों की मांग: जल्द हो वैकल्पिक व्यवस्था

​अभिभावकों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन तथा संबंधित विभाग से गुहार लगाई है कि बच्चों की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए:

  1. ​जर्जर स्कूल भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए या वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था हो।
  2. ​अधूरे पुल का निर्माण कार्य तेज गति से पूरा कर आवागमन तुरंत बहाल किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!