Skip to main content

Balod Times

रक्षाबंधन पर विधायक संगीता सिन्हा ने मुख्यमंत्री को भेजी राखी, महतारी वंदन योजना की समस्याओं के निराकरण की मांग

बालोद टाइम्स 

पोर्टल दोबारा खोलने, KYC के कारण रुकी राशि तत्काल देने और महंगाई से राहत के लिए प्रभावी कदम उठाने का किया आग्रह

बालोद। संजारी-बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यवाहक अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा ने रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को पत्र भेजकर प्रदेश की महिलाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए अपनी राखी स्वीकार करने का आग्रह भी किया।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। इसी भावना के साथ उन्होंने प्रदेश की माताओं एवं बहनों की ओर से महतारी वंदन योजना से संबंधित समस्याओं की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराया है।

महतारी वंदन योजना का पोर्टल पुनः खोलने की मांग

विधायक ने कहा कि प्रदेश में अनेक ऐसी पात्र महिलाएं हैं, जो किसी कारणवश महतारी वंदन योजना में अपना पंजीयन नहीं करा पाई हैं। ऐसी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ देने के लिए महतारी वंदन योजना का पोर्टल पुनः खोला जाना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।

KYC के कारण रुकी राशि तत्काल देने का आग्रह

उन्होंने पत्र में KYC एवं दस्तावेजों से संबंधित प्रक्रिया के कारण महतारी वंदन योजना की राशि नहीं मिल पाने वाली पात्र महिलाओं का मुद्दा भी उठाया। विधायक ने मांग की कि ऐसी महिलाओं की लंबित राशि की जांच कर शीघ्र भुगतान की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

महंगाई से महिलाओं को राहत देने की मांग

विधायक संगीता सिन्हा ने बढ़ती महंगाई का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। रक्षाबंधन जैसे पर्व पर भी अनेक परिवारों के लिए मिठाई एवं आवश्यक खाद्य सामग्री खरीदना मुश्किल हो रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से शक्कर, बेसन, खाद्य सामग्री, घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुओं तथा रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से आम महिलाओं और परिवारों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।

‘महिलाओं को राहत देने की दिशा में शीघ्र निर्णय हो’

विधायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ की माताओं एवं बहनों को सरकार से काफी अपेक्षाएं हैं। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री से उपरोक्त मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेने और प्रदेश की लाखों महिलाओं को राहत प्रदान करने का आग्रह किया है।

श्रीमती संगीता सिन्हा ने पत्र के माध्यम से महतारी वंदन योजना से वंचित पात्र महिलाओं को जोड़ने, KYC के कारण अटकी राशि दिलाने तथा महंगाई से राहत दिलाने को लेकर सरकार से सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!