रायपुर। रायपुर नगर निगम के पार्षद एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) के सभापति दीपक जायसवाल के नाम, लेटरहेड और हस्ताक्षर के फर्जी इस्तेमाल का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। इस फर्जीवाड़े की भनक लगते ही प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। पार्षद दीपक जायसवाल ने इस संबंध में आजाद चौक थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर तुरंत FIR करने और पूरे मामले की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है।
चॉइस सेंटर पर छापेमारी में खुला राज
जानकारी के मुताबिक, पार्षद दीपक जायसवाल को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि ईदगाह भाटा मंगल बाजार स्थित ‘आर्यन चॉइस सेंटर’ में उनके आधिकारिक लेटरहेड और दस्तखत का गलत इस्तेमाल हो रहा है। शिकायत की पुष्टि के लिए जब पार्षद पुलिस बल के साथ खुद चॉइस सेंटर पहुंचे, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। जांच के दौरान वहां पार्षद दीपक जायसवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के स्कैन किए गए लेटरहेड बरामद होने की बात सामने आई है।
बड़े नेटवर्क और फर्जी दस्तावेजों की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि चॉइस सेंटर संचालक द्वारा पार्षद के मूल लेटरहेड को स्कैन करके कंप्यूटर में रख लिया गया था और बिना उनकी अनुमति के धड़ल्ले से फर्जी हस्ताक्षर कर दस्तावेज जारी किए जा रहे थे।
पार्षद दीपक जायसवाल ने चिंता जताते हुए कहा:
”यह बेहद गंभीर आपराधिक मामला है। मेरी जानकारी के बिना न जाने कितने लोगों के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज तैयार कर लिए गए होंगे। इस पूरे मामले की गहराई से तकनीकी और फोरेंसिक जांच होनी चाहिए ताकि पता चल सके कि यह खेल कब से और किन-किन लोगों के लिए खेला जा रहा था।”
संचालन और पंजीयन पर भी उठे सवाल
पार्षद ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि इस चॉइस सेंटर के संचालन और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में भी कई कमियां हैं, जिसकी अलग से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि के सील-साइन का ऐसा दुरुपयोग शासन-प्रशासन की विश्वसनीयता और जनता के भरोसे पर सीधा हमला है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
फिलहाल यह पूरा मामला आजाद चौक थाना पुलिस के पास है। पुलिस शिकायत के आधार पर चॉइस सेंटर से मिले उपकरणों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच और कड़ियों को जोड़ने के बाद जल्द ही इस मामले में बड़ी कार्रवाई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

