Balod Times

वीबी रामजी अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने में यशवंत जैन की सक्रिय भूमिका, रायपुर में समीक्षा बैठक

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास रायपुर में वीबी जी राम जी जन जागरण अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अभियान के प्रदेश संयोजक एवं महामंत्री यशवंत जैन ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पार्टी संगठन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा किए जा रहे जन जागरण प्रयासों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में बताया गया कि भाजपा संगठन द्वारा इस अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय में बड़े जिला सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न कराए जा चुके हैं, जिनमें प्रदेश के सभी सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की। आगामी फरवरी माह में सभी मंडलों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, वहीं गांव स्तर पर चौपालों के माध्यम से आमजन को योजना की जानकारी दी जाएगी।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर अधिनियम से जुड़ी जानकारियां एवं इसके लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाए गए हैं। अब तक प्रदेश की 11,772 ग्राम पंचायतों एवं 20,363 गांवों में 7 लाख 63 हजार से अधिक लोगों को इस योजना की जानकारी दी जा चुकी है।

बताया गया कि इस योजना को लेकर प्रदेश के किसानों एवं श्रमिकों में खासा उत्साह है, क्योंकि इससे गांव में ही रोजगार के अवसर सृजित होंगे और गांव की आवश्यकताओं एवं विकास के अनुरूप कार्य संपादित किए जा सकेंगे।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा संगठन एवं राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण विकास की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया।

इस अवसर पर राज्य के कृषि मंत्री राम विचार नेताम एवं स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!