Skip to main content

Balod Times

बालोद शहर में पिछले 4 दिनों से नलों से आ रहा दूषित पानी, नेता प्रतिपक्ष कसीमउद्दीन कुरैशी के नेतृत्व में पार्षदों ने CMO को सौंपा ज्ञापन; 2 दिन में समाधान न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी

बालोद टाइम्स

बालोद। बालोद शहर में पिछले चार दिनों से नलों के माध्यम से लगातार मटमैला और दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है। पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में आ रही इस गंभीर समस्या से आम नागरिकों में भारी नाराजगी और चिंता व्याप्त है। इस स्थिति को देखते हुए नगर पालिका परिषद बालोद के नेता प्रतिपक्ष कसीमउद्दीन कुरैशी (कल्लू भैया) एवं कांग्रेस पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) के नाम आवेदन सौंपकर तत्काल समस्या के निवारण की मांग की है।

लाखों-करोड़ों खर्च के बावजूद दूषित पानी मिलना दुर्भाग्यपूर्ण

नेता प्रतिपक्ष कसीमउद्दीन कुरैशी ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि शहर में फ़िल्टर प्लांट एवं जल व्यवस्था सुधारने के नाम पर नगर पालिका द्वारा बड़ी धनराशि खर्च की गई है। इसके बावजूद यदि नागरिकों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, तो ऐसी जल व्यवस्था और फ़िल्टर प्लांट के औचित्य पर सवाल उठना स्वाभाविक है। जनता के टैक्स के पैसे खर्च होने के बाद भी दूषित पानी मिलना अत्यंत निराशाजनक व दुर्भाग्यपूर्ण है।

पानी की जांच और कारण पता लगाने की मांग

पार्षदों ने इस लापरवाही की कड़ी निंदा करते हुए मांग की है कि सप्लाई हो रहे पानी की तत्काल लेबोरेटरी जांच कराई जाए, दूषित पानी आने का सही कारण पता लगाया जाए और शहरवासियों को जल्द से जल्द स्वच्छ व पीने योग्य पानी उपलब्ध कराया जाए।

 

2 दिनों का अल्टीमेटम, होगा उग्र धरना प्रदर्शन

विपक्ष ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए 2 दिनों का समय दिया है। पार्षदों ने स्पष्ट कहा कि यदि दो दिवस के भीतर जल आपूर्ति की समस्या का स्थाई समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आम जनता के साथ नगर पालिका कार्यालय के समक्ष उग्र धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपते समय नेता प्रतिपक्ष कसीमउद्दीन कुरैशी, पार्षद रीता सोनी (वार्ड क्र. 08), सुमित शर्मा, गिरधर शर्मा सहित अन्य पार्षदगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!