बालोद टाइम्स
बालोद। नगर बालोद के ऐतिहासिक एवं हृदय स्थल ‘सरदार पटेल मैदान’ के मूल स्वरूप को बचाए रखने के लिए कांग्रेस पार्टी और जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में वरिष्ठ नेताओं और नगर पालिका के पार्षदों ने कलेक्टर (जिलाधीश, बालोद) को एक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि नगर पालिका परिषद बालोद द्वारा सरदार पटेल मैदान में क्रिकेट बॉक्स निर्माण हेतु ले-आउट किया गया है। सरदार पटेल मैदान बालोद शहर का एक ऐतिहासिक धरोहर है, जहाँ विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक और खेलकूद गतिविधियों के बड़े आयोजन सफलतापूर्वक होते रहे हैं। नगर में एकमात्र ऐसा विस्तृत रिक्त स्थान होने के कारण इसका स्वरूप बनाए रखना बेहद आवश्यक है।
कांग्रेस नेताओं एवं पार्षदों का कहना है कि वे खेल सुविधाओं के विस्तार के पूर्ण समर्थक हैं, लेकिन मैदान के बीचों-बीच क्रिकेट बॉक्स बनाकर इसके स्वरूप को बिगाड़ना उचित नहीं है। परिषद की पूर्व बैठक में क्रिकेट बॉक्स के लिए जिस वैकल्पिक स्थान का चयन और चर्चा की गई थी, उसी स्थान पर इसका निर्माण कराया जाना चाहिए ताकि खेल सुविधाएं भी मिलें और मैदान का बड़ा स्वरूप भी सुरक्षित रहे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से उपस्थित जन:
ज्ञापन सौंपते समय पूर्व विधायक भैया राम सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, शहर अध्यक्ष अचल प्रकाश साहू, विधायक प्रतिनिधि धीरज उपाध्याय, कमलेश श्रीवास्तव, नेता प्रतिपक्ष के. संजू भैया, पार्षद निमेष पटेल (वार्ड क्र. 09) सहित अन्य पार्षद एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


