बालोद। जिले में खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रशासन द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम ने आज गुरूर एवं बालोद विकासखंड में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से खनिज परिवहन करते पाए जाने पर कुल 06 वाहनों को जब्त किया गया। जिला खनि अधिकारी के अनुसार जब्त किए गए वाहनों में 05 वाहन रेत एवं 01 वाहन मिट्टी (ईंट) के परिवहन में संलग्न थे।
कार्रवाई के तहत 02 वाहनों को थाना/आरक्षी केंद्र मरकाटोला कैम्प, 01 ट्रेलर और 01 ट्रैक्टर को थाना बालोद तथा 01 माजदा एवं 01 ट्रैक्टर को थाना गुरूर की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
जिला खनि अधिकारी ने बताया कि सभी प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में खनिज संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

