बालोद टाइम्स
बालोद। बालोद पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 2,13,000 रुपये मूल्य का अवैध सामान जब्त किया है। पुलिस की इस दबिश के बाद से क्षेत्र में अवैध रूप से कबाड़ का धंधा चलाने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चौव्हाण के निर्देशन, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) विनय कुमार साहू के पर्यवेक्षण और बालोद थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत की गई।
मामला 1: बघमरा बायपास रोड पर रेड
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बघमरा बायपास रोड के पास दबिश दी। वहां नजीमुद्दीन (40 वर्ष, निवासी रिसाई पारा, धमतरी) अवैध रूप से कबाड़ दुकान संचालित कर पुराने वाहनों के पार्ट्स कटिंग कर बेच रहा था।
जब्ती:
2,070 किलोग्राम लोहे के पार्ट्स (कीमत: ₹1,03,500)
15 नग कार व ट्रक के पुराने इस्तेमाल किए गए टायर (कीमत: ₹15,000)
कुल जब्ती मूल्य: ₹1,18,500

मामला 2: हीरापुर चौक (दुर्ग रोड) पर कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने हीरापुर चौक के पास दबिश देकर समिरुद्दीन (46 वर्ष, निवासी रिसाई पारा, वार्ड नं. 15, धमतरी) के कबाड़ ठिकाने पर रेड मारी। वहां भी बिना वैध दस्तावेजों के वाहनों के कटे हुए लोहे के पार्ट्स और टायर मिले।
जब्ती:
1,650 किलोग्राम लोहे के पार्ट्स (कीमत: ₹82,500)
15 नग कार व मैजिक वैन के टायर (कीमत: ₹12,000)
कुल जब्ती मूल्य: ₹94,500

धारा 106 BNSS के तहत मामला दर्ज
दुकान संचालकों को धारा 94 बीएनएसएस के तहत वैध दस्तावेज पेश करने का नोटिस दिया गया था, लेकिन कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने चोरी का माल होने की आशंका में कुल 3,720 किलोग्राम लोहा और 30 नग टायर जब्त कर लिए।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत इस्तगासा (प्रकरण क्र. 01/2026 एवं 02/2026) तैयार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
बालोद पुलिस का संदेश:
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री रोकने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के साथ उप-निरीक्षक कमला यादव, सहायक उप-निरीक्षक गौकरण भंडारी, देवकुमार कोर्राम, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, दुर्योधन सिंह यादव तथा आरक्षक चुलेन्द्र कुर्रे, बनवाली साहू, उमाशंकर सिन्हा एवं संजय सोनी की सराहनीय भूमिका रही।


