Balod Times

बालोद पुलिस की सख्ती: 7 शराबी वाहन चालक पकड़े गए, 80 हजार का जुर्माना

96 वाहन चालकों पर 13,400 रुपए की चालानी कार्रवाई, 6 लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया प्रारंभ

बालोद। Balod Police द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री बोनीफास एक्का तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में यातायात शाखा एवं जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान विशेष रूप से शाम के समय शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 7 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा सभी आरोपियों पर कुल 80,000 रुपए का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। साथ ही 6 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को 6 माह के लिए निलंबित किए जाने हेतु परिवहन विभाग को पत्र प्रेषित किया गया है।

इसके अतिरिक्त, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 96 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई करते हुए 13,400 रुपए की चालानी वसूली की गई। वहीं एक चालक एवं वाहन मालिक पर बिना लाइसेंस वाहन चलाने एवं चलाने देने के प्रकरण में 10,000 रुपए का अर्थदंड लगाया गया।
यातायात पुलिस बालोद द्वारा लगातार आमजन से अपील की जा रही है कि शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें तथा मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन न करें।

रात्रि में वाहन चलाते समय डिपर का प्रयोग करें एवं वाहन के समस्त दस्तावेज अपने साथ रखें। आम नागरिकों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए बालोद पुलिस सदैव तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!